शनिवार शाम को घर से टहलने निकला था नन्हे
पलियाकलां। इलाके के पलिया खुर्द निवासी टेनी का 22 वर्षीय पुत्र नन्हे शनिवार को घर से टहलने निकला था, तभी से लापता था। रविवार को गांव के तालाब में उसका शव बरामद हुआ।
मृतक नन्हे के परिजन ने बताया कि शनिवार की शाम को वह घर से टहलने के लिए निकला था। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह किसी ने बताया कि युवक गांव किनारे तालाब में घुसा था, उसकी साइकिल और चप्पल सरखना गांव के किनारे पड़ी हुई हैं। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाल सैयद मोहम्मद अब्बास मौके पर पहुंचे और तैराकों की मदद से शव बरामद कर लिया। साथ ही पंचनामा भरकर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। पुलिस के मुताबिक, शव के निचले हिस्से पर केवल अंडरवियर था, जिससे लगता है कि युवक शौच के लिए तालाब किनारे आया था, जिसके बाद डूबा है। सीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
दिल्ली में संदिग्ध हालात में मौत के बाद युवक का शव पहुंचा गांव
मझगईं। कस्बा निवासी राधे का 30 वर्षीय पुत्र लालाराम मजदूरी करने दिल्ली गया था। जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई।
मृतक लालाराम के परिजन ने बताया कि आठ दिन पहले वह साथियों के साथ काम करने दिल्ली गया था। जहां बीते बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई थी। उसके साथियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह लालाराम को कमरे पर छोड़कर गए थे जब लौटे तो लालाराम बेसुध पड़ा था। साथी उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीएम होने के बाद शनिवार की देर शाम को शव घर पहुंचने पर गाव में मातम पसर गया। रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। संवाद