लखीमपुर खीरी के मैलानी क्षेत्र में बुधवार की रात बाइक की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। वह चार बहनों में इकलौता भाई था। उसके पिता की मौत हो चुकी है।
ग्राम पंचायत सुवाबोझ के ग्राम फुलहिया नंबर एक निवासी स्वर्गीय रामानंद का बेटा सोनू (29) बुधवार की रात करीब आठ बजे अपने साथी के साथ बाइक से गांव पहुंचा। कच्चे रास्ते में बारिश का पानी भरा होने की वजह से साथी ने सोनू को बाइक से डामर रोड पर ही उतार दिया।
गर्दन के ऊपर से निकला पहिया
परिजन के मुतबिक इस दौरान तबीयत गड़बड़ लगने पर सोनू रोड पर ही बैठ गया। इस बीच दूसरी तरफ से बिना लाइट जलाए आ रही बाइक ने सोनू को टक्कर मार दी। साथी ने बाइक चालक को रोकने के लिए जोर से आवाज लगाई, लेकिन बाइक चालक ने बाइक नहीं रोकी और सोनू की गर्दन कुचलते हुए आगे बढ़ गई।
चार बहनों में अकेला भाई था सोनू
स्वर्गीय रामनंद की पांच संतानों में चार बेटियां और सोनू इकलौता बेटा था। सोनू की अकस्मात मौत से रामानंद के घर का इकलौता चिराग बुझ गया है। हादसे के बाद से सोनू की मां, पत्नी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी बेटियां शादीशुदा हैं। सोनू की शादी तीन साल पहले हुई थी और अभी उसकी कोई संतान नहीं थी ।