धनगढ़ी (नेपाल)। कंचनपुर जिले की कृष्णपुर नगर पालिका के पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर सुबह भारतीय नंबर की कार से टक्कर लगने से युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजन और अन्य लोगों ने राजमार्ग बंद कर जाम लगा दिया। इससे काठमांडू और धनगढ़ी की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लग गई। उधर, चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया।
कंचनपुर जिले की मालाखेती पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवराज पोखरेल ने बताया कि जिले की कृष्णपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर दो के तहत रविवार सुबह अतरिया की ओर से आ रही भारतीय नंबर की एक कार ने स्थानीय कृष्णपुर वार्ड दो निवासी तारानाथ को टक्कर मार दी। हादसे में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए परिजन व लोगों ने पूर्व पश्चिम राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर जाम लगा दिया। उधर, कार चालक नेपाली कार छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। संवाद