प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए फरियादी के हाथ से कुल्हाड़ी छीन ली, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। फरियादी का कहना था कि वह लंबे समय से अपनी समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार उसे केवल आश्वासन ही मिलता है। उसने खुद को व्यवस्था से बेहद परेशान बताते हुए कहा कि उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है।
फिल्मी अंदाज में दी धमकी
हंगामे के दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने उसका वीडियो बना लिया, जो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक घातक फिल्म का डायलॉग कहता है। कहा, 'यह मजदूर का हाथ है कात्या। लोहा को पिघलाकर आकार बदल देता है। मैं पृथ्वीराज का वंशज हूं।' वह अफसरों को धमकी देता है। उसने कहा कि किसी न किसी को तो भगत सिंह बनना पड़ेगा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फरियादी की शिकायत किस मामले से संबंधित थी और घटना के बाद प्रशासन की ओर से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है या नहीं। यह मामला कलक्ट्रेट में चर्चा का विषय बना रहा।