भीरा। ग्राम पंचायत कुंवरपुर कलां के मजरा दुबहा (नया पुरवा) में सोमवार सुबह खेत में करंट की चपेट में आने से प्रियांशी (21) पुत्री रोहित की मौत हो गई। वह शौच के लिए जा रही थी।
रास्ते में खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बिजली मोटर के तार में करंट उतर आया था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रियांशी के पिता रोहित ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सुबह करीब छह बजे शौच के लिए जा रही थी। रास्ते में गांव के एक व्यक्ति ने खेत में सिंचाई के लिए बिजली मोटर लगा रखी थी। आरोप है कि मोटर संचालक ने बिजली के तार को मोटर पर लपेटकर रखा था। खेत में लगे तार को नीचे उतारकर उसमें बिजली का तार जोड़ा गया था। इससे नीचे के तार में करंट आ रहा था।
प्रियांशी का हाथ तार से लगते ही वह करंट की चपेट में आ गई। परिजन उसे बिजुआ सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि बचाव के लिए तारों को गड्ढे में नीचे लगाया गया था, लेकिन लापरवाही से उसमें करंट छोड़ दिया गया। उनका कहना है कि आमतौर पर सुबह तार निकाल दिया जाता था, लेकिन सोमवार को तार में करंट होने से हादसा हो गया।
वहीं, मोटर संचालक प्रीतपाल सिंह ने तार में करंट छोड़ने के आरोपों को नकारते हुए कहा कि बरसात के मौसम में शायद करंट खंभे में उतर आया हो। ग्रामीणों ने खेतों में खुले में करंट वाले तार बिछाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे हादसे रोके जा सकें।
पुलिस ने प्रीतपाल सिंह और खेत के मजदूरों मंशाराम और सुनील के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
एक महीने बाद उठनी थी डोली, आज उठी अर्थी
प्रियांशी मंझले भाई आलोक और छोटे भाई कौशल की इकलौती बड़ी बहन थी। घर में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। करीब एक महीने बाद भानपुर गांव से उसकी शादी होनी थी। दोनों भाइयों ने बहन की डोली सजाकर विदा करने के सपने संजोए थे।
जिस बहन को दोनों भाई हंसी-खुशी डोली में बैठाकर विदा करने वाले थे, आज उसी की अर्थी को कांधा देना पड़ा। जिस आंगन में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब अपनों के आंसू हैं।
कुछ दिन पहले ही रक्षाबंधन पर प्रियांशी ने दोनों भाइयों की कलाई पर राखी बांधी थी। तब किसी ने नहीं सोचा था कि यही राखी भाइयों के लिए बहन की आखिरी निशानी बन जाएगी। आलोक और कौशल बहन को याद कर बार-बार फफक पड़ते हैं।
-
परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई होगी।
-अमित राय, एएसपी पश्चिमी
रोते बिलखते परिजन। संवाद