लखीमपुर खीरी के मितौली क्षेत्र में एक गांव निवासी किशोरी से गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। दुष्कर्म के बाद किशोरी गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी और उसके भाई ने किशोरी का गर्भपात करा दिया। बहन से दुष्कर्म और गर्भपात का पता चला तो पीड़िता की विवाहित बहन थाने पहुंची। उसने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक गांव निवासी महिला ने बताया कि शनिवार को वह ससुराल से वापस मायके आई थी। छोटी बहन ने बताया कि गांव के ही आलोक ने करीब सात माह पूर्व उसके साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बारे में घर में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से वह चुप रही। दुष्कर्म के बाद वह गर्भवती हो गई।
ये भी पढ़ें- किसान के बेटे पर आया किम का दिल: दक्षिण कोरिया से भारत आकर रचाई शादी, ऐसे शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी
इसका पता चला तो आरोपी आलोक और उसका भाई विनोद पीड़िता को 17 अगस्त की रात गाड़ी से अपने साथ ले गए। किशोरी का गर्भपात करा दिया और अगले दिन घर के बाहर छोड़कर चले गए। पुलिस ने पीड़िता की बहन की तहरीर पर एक आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और दूसरे पर गर्भपात में सहयोग करने का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष आलोक धीमान ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जाएगा।