खीमपुर खीरी। पहली बार यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा में कम नंबर मिलने पर छात्रों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। इस बार बोर्ड की ओर से पांच में से एक विषय में इंप्रूवमेंट परीक्षा देने का मौका मिलेगा। यह व्यवस्था नए सत्र से लागू हो जाएगी। बोर्ड के इस प्रस्ताव से छात्र-छात्राओं में खुशी देखी जा रही है।
डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि इंटरमीडिएट के 42,472 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इसमें 24,189 छात्र व 18,853 छात्राएं शामिल हैं। इस बार बोर्ड की ओर से नया प्रस्ताव शासन को भेजा गया है जिसकी मंजूरी मिलनी है। इसी साल से इंटर के पांच विषयों में से एक विषय में इंप्रूवमेंट परीक्षा शुरू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। बताया कि मंजूरी मिलते ही इसी साल अप्रैल अंत में परिणाम घोषित होने के बाद इसके आवेदन लिए जाएंगे।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि यह व्यवस्था लागू होने से निश्चित तौर पर हम लोगों को इसका फायदा मिलेगा। यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल मोहल्ला बहादुर नगर निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान कई बच्चे तबीयत खराब होने के अलावा कई अन्य कारणों के चलते परीक्षा में शामिल नहीं हो पाते हैं। इतना ही नहीं कई बच्चों के नंबर भी कम हो जाते हैं। ऐसे में दोबारा सुधार का मौका मिलना सभी के अच्छा होगा।