युवराजदत्त महाविद्यालय का नया शैक्षिक सत्र एक जुलाई से शुरू हो रहा है। सत्र 2015-16 में विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया के लिए पंजीकरण और फार्म वितरण नौ जून से महाविद्यालय के नए प्रशासनिक भवन से किया जाएगा। प्रवेश फार्म का वितरण 28 जून तक चलेगा। भरे प्रवेश आवेदन फार्म 17 जून से 30 जून तक जमा किए जाएंगे।
प्राचार्य डॉ. आरके सिंह ने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद न फार्म बांटे जाएंगे और न ही जमा किए जाएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार स्नातक द्वितीय, तृतीय और स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश दो जुलाई से नौ जुलाई तक किए जाएंगे। प्राचार्य ने बताया कि प्रथम, द्वितीय वर्ष की कक्षाओं में जो विद्यार्थी विश्वविद्यालय के नियमानुसार बैक पेपर परीक्षा के अर्ह होेंगे उन्हें भी अगली कक्षा में अस्थाई रूप से प्रवेश दिया जाएगा। स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की तय सीटों के सापेक्ष प्रवेश के लिए मेरिट सूची का प्रकाशन नौ जुलाई को किया जाएगा। इसके प्रवेश नौ जुलाई से 16 जुलाई तक होंगे। सीटें रिक्त रहने पर अगली प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 18 जुलाई को किया जाएगा और उसके प्रवेश सीटें भरने तक किए जाएंगे। सभी स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश मेरिट सूची के आधार पर किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत परीक्षा उत्तीर्ण अथवा एक वर्ष गैप वाले छात्रों की अपेक्षा संस्थागत छात्र के रूप में इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण छात्रों को प्रवेश में वरीयता दी जाएगी। एमए प्रथम वर्ष अंग्रेजी साहित्य में प्रवेश विश्वविद्यालय स्तर पर 23 और 24 जून को आयोजित प्रवेश परीक्षा के बाद काउंसिलिंग के माध्यम से किए जाएंगे।