तीन दिवसीय दंगल के उद्घाटन के मौके पर एक दूसरे से परिचय लेते पहलवान। स्रोत: आयोजक
रमियाबेहड़। ढखेरवा में दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन रमियाबेहड़ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित प्रकाश वर्मा ने किया। दंगल में कई प्रदेशों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल के पहलवान भाग ले रहे हैं।
कुश्ती देखने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ जमी रही। पहले दिन दस कुश्ती प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें अलग-अलग पहलवानों ने बाजी मारी। दंगल प्रतियोगिता के आयोजक जिला पंचायत सदस्य राकेश वर्मा के मुताबिक, दंगल प्रतियोगिता में मशहूर पहलवान बाबा लाडी, अयोध्या से बाबा नागेंद्र दास, पंजाब से जग्गा सिंह, चंबल से प्रदीप, नेपाल के काठमांडू से शंकर थापा और बिल्ला पहलवान, राजस्थान से करनैल सिंह, हरियाणा से राशिक उर्फ भूरा व जम्मू कश्मीर से फैजल गनी भाग ले रहे हैं।
पहले दिन शुरुआती कुश्ती अयोध्या के नागेंद्र दास ने जीती। इन्होंने राजस्थान के मोनू पहलवान को हराया। इसके अलावा अन्य मुकाबलों में जम्मू कश्मीर के फैजल गनी, नेपाल के शंकर थापा ने अपने अपने मुकाबले जीत लिए। हरियाणा के मनोज राणा और पंजाब के करनैल सिंह तथा चंबल के करनैल सिंह और प्रदीप पहलवान की कुश्ती बराबरी पर छुटी।
इस दौरान पढ़ुआ थाना प्रभारी विवेक उपाध्यय, ढखेरवा चौकी प्रभारी भूपेंद्र राजपूत, अफजाल अहमद, अनिल अवस्थी, व्यापार मंडल महामंत्री अटल मनार, डॉ. सुंदरम और संतोष तिवारी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।