गोला वनरेंज के वन्यजीव प्रभावित जमुना बाद में ग्रामीणों को जागरूक करते डीएफओ तापस मिहिर। स्रोत
गोला गोकर्णनाथ। वनरेंज गोला की रजानगर पूर्वी बीट के जमुनाबाद फार्म स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को 21 नवंबर को मानव-वन्यजीव संघर्ष पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से डीएफओ साउथ तापस मिहिर ने ग्रामीणों संग बैठक कर सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा की, साथ ही ग्रामीणों की ओर से बताई गईं अन्य समस्याओं को संबंधित विभाग से समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
इसी गांव में बीते आठ नवंबर को दिवाली में घर के बाहर पटाखे जलाते समय 10 वर्षीय रोहित कुमार को तेंदुए ने अपना निवाला बनाया था, इसमें ग्रामीणों के जनाक्रोश व गोला विधायक के हस्तक्षेप पर तेंदुए को पकड़ने की कवायद शुरू हुई थी, वनविभाग ने गांव में तीन पिंजरे व चार ट्रैप कैमरे लगाए हैं। अन्य घटनाओं को रोकने के लिए किए गए संवाद में डीएफओ तापस मिहिर ने मौजूद ग्रामीणों को खेतों में समूह में जाने व कार्य करने, हांका लगाने, मोबाइल या लाउडस्पीकर बजाने, गले में गमछा लपेटकर बाहर निकलने, बच्चों को अकेला बाहर न जाने का सुझाव दिया।
ग्रामीणों ने जंगल किनारे बाड़ बनाने, सड़कों व नालों के किनारे झाड़ियों की सफाई, विद्यालय की बाउंड्रीवॉल व बिजली के खंभों में बल्ब आदि लगाने व गन्ना शोध संस्थान में कार्यरत चौकीदारों की ड्यूटी अकेले न लगाने की मांग की है। इस मौके पर अरविंद कुमार, राजकुमार, सुशील कुमार, रिंकू, सोबरन लाल व वन विभाग के गोला रेंजर अमित कुमार सिंह, डिप्टी रेंजर रामनरेश वर्मा, जगदीश वर्मा मौजूद रहे।