लखीमपुर खीरी। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना के लिए देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। प्राचीन संकटा देवी मंदिर में भक्तों ने कतारबद्ध होकर मां के दर्शन किए और भयमुक्त जीवन, सुख-शांति व परिवार की समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
मंदिरों में घंटियों की गूंज और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की कामना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां कालरात्रि को काल पर विजय प्राप्त करने वाली देवी माना जाता है। मान्यता है कि उनकी आराधना से भक्तों को भय से मुक्ति और मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद मिलता है।
-
विसर्जन के लिए चिह्नित घाटों पर होगी बैरीकेडिंग, गोताखोरों भी होंगे तैनात
बिजुआ। नवरात्र के बाद मूर्ति विसर्जन को लेकर भीरा पुलिस अलर्ट हो गई है। शनिवार को पुलिस टीम ने नाव से विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित और चिह्नित घाटों पर ही मूर्तियों का विसर्जन करने की अपील की है। विसर्जन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर चिह्नित घाटों पर बैरीकेडिंग कराई जाएगी। गोताखोरों की तैनाती भी होगी, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। घाटों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और विसर्जन के दौरान निगरानी करेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से गहरे पानी में नहीं जाने, बच्चों को नदी किनारे अकेला नहीं छोड़ने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने निर्धारित घाटों पर ही विसर्जन कर प्रशासन का सहयोग करने को कहा है। संवाद
-
जंगबहादुरगंज में निकाली गई शोभायात्रा, अखंड ज्योति स्थापित
पसगवां। जंगबहादुरगंज में स्टेशन रोड स्थित शिव मंदिर परिसर में आठवें विशाल दुर्गा जागरण आयोजित गया है। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध ज्वालाजी धाम से लाई गई मां ज्वाला की अखंड पावन ज्योति के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पंडाल में महामाई के जयकारे गूंजते रहे।
दुर्गा समिति के पिंकू गुप्ता, अशोक सिंह, नन्हें गुप्ता, उमेश रस्तोगी और रामप्रताप गुप्ता शुक्रवार को अखंड ज्योति लेकर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर भ्रमण करते हुए महादेव मंदिर पहुंची। वहां मंत्रोच्चार के साथ ज्योति की स्थापना कर आरती की गई।
शनिवार सुबह शोभायात्रा निकालकर मैगलगंज के मढ़ियाघाट पर गोमती नदी में ज्योति का विसर्जन किया गया। आयोजन में आशीष गुप्ता, वरुण गुप्ता, गोपाल गुप्ता, नवनीत शर्मा, सचिन सिंह, सुधीर गुप्ता, अनुराग अवस्थी, साहित्य सिंह, पुनीत बाजपेई, अमित गोस्वामी और प्रशांत मिश्रा की प्रमुख भूमिका रही। संवाद
दुर्गा पूजा समारोह में आज होगा रात्रि जागरण
बांकेगंज। बांकेश्वर महादेव-राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में आयोजित 39वें दुर्गा पूजा समारोह में रविवार को रात्रि जागरण होगा। आयोजक राजेंद्र प्रसाद माहेश्वरी ने बताया कि जागरण रात आठ बजे शुरू होगा। इसमें लखीमपुर की प्रिया भजन मंडली के सदस्य संगीतमय धुनों पर माता के भजन गाएंगे। बरेली के कलाकार भगवान के विभिन्न स्वरूप धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम का समापन सोमवार सुबह होगा। इसके बाद मंदिर प्रांगण में व्यापारी गोविंद राम गोयल और नेतराम गोयल की ओर से भंडारा आयोजित किया जाएगा। शनिवार को मां के दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ी। संवाद
-
सीता स्वयंवर से लेकर रावण के सीताहरण तक का मंचन
ओयल। मां दुर्गा झांकी कमेटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मां दुर्गा के स्वरूपों की पूजा-अर्चना की गई। बच्चों ने सीता स्वयंवर की झांकी प्रस्तुत की। इसके बाद ‘रण में कूद पड़ी महाकाली’ गीत पर मां काली और राक्षस रक्तबीज के युद्ध का मंचन किया गया। राक्षस का रूप देखकर बच्चे अपनी मां की गोद में छिप गए, जबकि मां काली ने युद्ध कर राक्षस का अंत किया।
इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण और गोपियों के नाटक का मंचन हुआ। बच्चों ने लंकापति रावण द्वारा सीताहरण की झांकी भी प्रस्तुत की, जिसे देखकर श्रद्धालु भावुक हो गए। संवाद
बांकेगंज मंदिर में मां दुर्गा की आराधन करते भक्त। संवाद।
बांकेगंज मंदिर में मां दुर्गा की आराधन करते भक्त। संवाद।