गोला गोकर्णनाथ। तहसील परिसर की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर अधिवक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी है। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार गौतम और महामंत्री संदीप अवस्थी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अंजनी कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में तहसील परिसर की खराब सड़कों का निर्माण कराने, शौचालयों की व्यवस्था सुधारने और जर्जर टिन शेड की मरम्मत कराने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने निर्धारित समय सीमा में पत्रावलियों का निस्तारण सुनिश्चित करने, न्यायालय में मामलों के निस्तारण के दौरान आवश्यक कार्य के लिए सप्ताह में एक दिन लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा न्यायालयों में पेशकारों की नियुक्ति कराने की मांग भी रखी।
इसके अलावा अधिवक्ताओं ने दोपहर तीन बजे के बाद न्यायालय का संचालन न करने की मांग की। समस्याओं के समाधान और वर्तमान में चल रहे प्रदर्शन को लेकर 19 अक्तूबर को बार संघ की बैठक होगी। इसमें आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।
इस मौके पर राजीव कुमार मिश्रा, मनोज कुमार श्रीवास्तव, जगबीर सिंह भदौरिया, वीरेंद्र कुमार समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।