मुरादाबाद। बरेली बाइपास पर कल्याणपुर के पास रविवार सुबह चार बजे खराब ट्रक में धक्का लगा रहे मजदूरों को एक दूसरे ट्रक ने राैंद दिया। हादसे में तीन मजदूरों की माैत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बाइपास पर वाहनों की कतार लग गई। मजदूर गुड़गांव से मजदूरी कर होली का त्योहार मनाने के लिए लखीमपुर खीरी स्थित अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले 20 महिला और पुरुष मजदूर गुड़गांव के सेक्टर-57 से शनिवार की रात घर जाने के लिए निकले थे। मजदूरों ने एक ट्रक पर सामान लादकर युवक संदीप कुमार को बैठा दिया। मटर से भरे दूसरे ट्रक पर अन्य मजदूर सवार हो गए। सुबह चार बजे कटघर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में सामान से भरा ट्रक खराब हो गया। तभी दूसरे ट्रक से मजदूर उतरकर खराब ट्रक को साइड में करने के लिए धक्का लगाने लगे।
तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने मटर भरे ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर मटर भरे ट्रक ने खराब ट्रक में धक्का लगा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इसके बाद मटर भरा ट्रक पलट गया और मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला ट्रक चालक समेत भाग निकला। मजदूरों को लेकर आए ट्रकों के चालक भी भाग निकले।
सूचना पर पहुंची कटघर पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाने के चौरा गांव निवासी शंभूदयाल (45), गांव बेती सहदेव निवासी अशोक (30), गांव मिताैली निवासी लवकुश (29) को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में घायल रमेश, मोहित, चेतराम, रामलखन, शांति देवी, संदीप, विनोद निवासी चाैरा ईसानगर व सीतापुर जिले के तंबाैर थाना क्षेत्र के फूलपुर गुइया निवासी देवी का इलाज शुरू कर दिया।
घायलों में से चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कटघर पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि खड़े ट्रक में दूसरे ट्रक द्वारा टक्कर मारने के कारण घटना हुई है। ट्रक पलटने से जाम लग गया था। पुलिस ने ट्रकों को क्रेन से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। ट्रक चालकों की तलाश की जा रही है।
मातम में बदलीं त्योहार की खुशियां
हादसे में जान गंवाने वाले शंभूदयाल के बेटे दूबर प्रसाद ने बताया कि होली का त्योहार मनाने के लिए परिवार के लोग पूरा सामान लादकर गुड़गांव से घर लौट रहे थे। उसके पिता मजदूरी से मिले रुपये से घर की मरम्मत कराना चाहते थे। हादसे में पिता हमारा साथ छोड़कर चले गए। दूबर की मां शांति देवी का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी लोग होली के त्योहार को लेकर काफी खुश थे लेकिन अब त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
टक्कर लगते ही हुए बेहाश
शंभूदयाल के छोटे बेटे संदीप कुमार (21) ने बताया कि दुर्घटना के दौरान वह सामान लदे ट्रक में बैठे थे। पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी तो वह धक्का लगने से गिर पड़े और बेहोश हो गए। कुछ देर बाद होश आया तो देखा माता-पिता घायल हो गए हैं। घटना के 15 मिनट बाद पुलिस पहुंच गई थी। अस्पताल में पिता की माैत की खबर सुनकर संदीप बेसुध हो गए। उनकी मां की हालत भी गंभीर है। संदीप ने कहा कि मेरी दुनिया ही उजड़ गई।