करणी सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पौराणिक लिलौटी नाथ मंदिर परिसर में गैर समुदाय के लोगों द्वारा दुकान लगाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। वहीं मंदिर पक्ष ने हंगामा करने वालों पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
लखीमपुर खीरी के महेवागंज स्थित पौराणिक लिलौटी नाथ मंदिर परिसर में दूसरे समुदाय के लोगों के दुकान लगाने का आरोप लगाकर करणी सेना और बजरंग दल के लोगों ने विरोध किया। सोमवार को मंदिर पहुंचे इन लोगों ने आपत्ति जताई और हंगामा करने लगे। यह देख मंदिर महंत ने कुछ देर के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए। कपाट बंद होने से सोमवती अमावस्या पर पूजन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तहसील अधिकारियों और पुलिस ने मामले को शांत कराया।
विज्ञापन
मंदिर परिसर में लगने वाली दुकानों को अनुमति और ठेका मंदिर समिति देती है। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि काफी समय से दूसरे समुदाय के कुछ दुकानदार भी मेले और धार्मिक पर्व पर मिठाई की दुकान लगाते हैं। उन्होंने प्रसाद बिक्री में गंभीर आरोप लगाया। सोशल मीडिया में भी मामले ने तूल पकड़ा। संगठन के विरोध के चलते माहौल गर्म हो गया।
मंदिर के महंत मुन्ना गिरी, पंकज, राहुल, मनोहर गिरी ने हिंदू संगठनों के लोगों पर अराजकता और माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। हिंदू संगठन से जुड़े देव जुनेजा, रमाकांत अवस्थी, राकेश, संदीप, आकाश, सौरभ, सचिन समेत कई लोगों ने गैर समुदाय के लोगों की दुकानों को हटाए जाने मांग करते हुए तहसीलदार सदर को ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि दोनों पक्षों ने ज्ञापन दिया है। दो दिन का समय दिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।