सपा राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी के साथ पदाधिकारी और कार्यकर्ता। संवाद
संणूर्णानगर। समाजवादी पार्टी को जमीनी स्तर पर धार देने और मिशन 2027 के लिए सोमवार को मिर्चिया गांव में जिला पंचायत सदस्य और सपा नेता तरसेम सिंह के आवास पर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी कुलदीप सिंह भुल्लर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुटता का मंत्र दिया।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश और देश के जो हालात हैं, वह सत्ता में बैठे लोगों की गलत नीतियों का परिणाम हैं। कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनना तय है। आप सभी कार्यकर्ता अभी से गांव गांव भ्रमण शुरू करें और पीडीए के नारे को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण करवाएं। उन्होंने कहा कि वक्त आने पर जनता के साथ हो रहे हर अन्याय का हिसाब बराबर किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वह आपसी मतभेद भुलाकर समाज के हर वर्ग विशेषकर पीडीए समाज को जोड़ने का काम करें ताकि 2027 में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया जा सके। इस मौके मौजूद पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।