प्रमुख सचिव सूक्ष्म एवं लघु मध्यम उद्योग निर्यात प्रोत्साहन डॉ रजनीश दुबे ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक में शासन की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की और उनकी समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए। कहा कि हर अधिकारी फील्ड में जाएं और सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को लागू करना सुनिश्चित करें ताकि जनता का सरकार में विश्वास बढ़ सके। उन्होंने अधिकारियों से सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली लोक शिकायत में जो शिकायतें काफी लंबित हैं, उन शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव ने डीएम किंजल सिंह के बेहतर कार्यों की प्रशंसा की। प्रमुख सचिव ने स्वच्छ भारत मिशन, कृषि योजनाओं, माइक्रो कामधेनु सहित तमाम योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ नितीश कुमार, डीडीओ अनिल कुमार सिंह, डीपीआरओ सुधीर कुमार श्रीवास्तव, डीपीओ अखिलेंद्र दुबे सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।
योजना के लिए दो करोड़ 10 लाख का इंतजार
प्रमुख सचिव को डीएम ने बताया कि किसान दुर्घटना बीमा योजना में उपलब्ध बजट किसानों को दे दिया गया है। जैसे ही दो करोड़ 10 लाख रुपये प्राप्त होंगे। इसका लाभ तुरंत किसानों को दिया जाएगा। प्रमुख सचिव ने दाखिल खारिज को इंटरनेट पर अपलोड करने और समय-समय पर पुनरीक्षण करने को कहा। उन्होंने खतौनी के बारे में भी पूछा। डीएम ने बताया कि कामन सर्विस सेंटर से 60 प्रतिशत तथा तहसीलों से 40 प्रतिशत खतौनियों की कंप्यूटरीकृत कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है।
सौ फीसदी इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगवाए बिजली विभाग ने
प्रमुख सचिव ने विद्युत विभाग से कांबिंग आपरेशन की प्रगति जानी तथा कहा कि हर हालत में लाइन लॉस कम किया जाए। साथ ही सौ फीसदी इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगवा कर बिजली चोरी पर भी अंकुश लगाएं। ईई रजनीकांत मिश्रा ने बताया कि राजीव गांधी योजना के तहत 2253 में से 2201 मजरों का विद्युतीकरण किया जा चुका है। इस पर उन्होंने रैंडम वैरीफिकेशन करने, ट्रांसफार्मरों का रिपेल्समेंट करने को कहा।
जननी सुरक्षा योजना में 11 हजार को नहीं मिला लाभ
सीएमओ अरुण कुमार ने बताया कि जिले में डॉक्टरों की काफी कमी है, जिससे काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। बताया कि जिले में तीन एफआरयू है, जिसमें गोला का एफआरयू क्रियाशील है। इस पर प्रमुख सचिव ने कहा कि चिकित्सक न होने पर चिकित्सा संबंधी उपकरण आदि का क्रय न किया जाए। इससे जनता के पैसे की बर्बादी पर अंकुश लगेगा। प्रमुख सचिव ने टीकाकरण अभियान सफल बनाने पर जोर दिया। प्रमुख सचिव ने 11 हजार लोगों को जननी सुरक्षा योजना के तहत सिर्फ इसलिए लाभ न दिए जाने पर नाराजगी जताई कि उनका बैंक में खाता नहीं खुला है। उन्होंने तत्काल कैंप लगाकर लाभार्थियों के खाते खुलवाने का निर्देश दिया।
नियमित रूप से पोषाहार वितरण पर खुशी जताई
कुपोषण की समीक्षा के दौरान प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीएचएनडी पर एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी पोषाहार वितरित कराना सुनिश्चित करें। साथ ही यहां के 2000 कुपोषित बच्चों में वजन में सुधार आया है और नियमित रूप से महिलाओं व बच्चों को पंजीरी का विवरण होने पर भी प्रमुख सचिव ने खुशी जाहिर की।
कैंप लगाकर लाभार्थियों का खाता खुलवाएं अधिकारी
लोहिया ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत जिन लाभार्थियों के खाते अभी नहीं खुल पाए हैं, अधिकारी वहां कैंप लगाकर खाता खुलवाना सुनिश्चित करें। प्रमुख सचिव ने कहा कि समाजवादी पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित सरकार की सभी पेंशन योजनाओं से पात्रों को शत-प्रतिशत लाभांवित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने छात्रवृत्ति की समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आईटीआई का निर्माण और कब्रिस्तान की चहारदीवारी का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
शैक्षिक गुणवत्ता पर ध्यान दें अधिकारी
माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही 10 स्कूलों का चयन कर उन्हें बेहतर बनाने के लिए संकल्पित हों। जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी जनपद के स्कूलों के शैक्षिक गुणवत्ता का समय समय पर पुनरीक्षण करें।