पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जन सुनवाई करती राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी। स्रोत: स्वयं
लखीमपुर खीरी। कचहरी स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को सुना और उनके जल्द से जल्द निस्तारण के लिए संबंधितों को निर्देशित किया। साथ ही लंबित मामलों में तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।
जनसुनवाई में 25 शिकायतें आईं, जिनमें से अधिकतर घरेलू हिंसा, प्रताड़ना व जमीन पर कब्जे के संबंध में थीं। अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही थानों में आने वाली महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर भी प्राथमिकता के साथ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
सुजीता कुमारी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। उन्हें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़ा होना चाहिए। महिला आयोग हर उस महिला के साथ खड़ा है जो अपने हक के लिए लड़ रही है।
इसके अलावा जिला कारागार के महिला बन्दीगृह, चिकित्सालय व रसोईघर का निरीक्षण भी किया और महिला कैदियों से संवाद कर मिलने वाली व्यवस्थाओं/सुविधाओं का जायजा लिया।