लखीमपुर खीरी। शहर की कई महिलाएं योग को अपनाकर बीमारियां दूर भगा रही हैं। नियमित अभ्यास से उन्हें शुगर, कमर दर्द, तनाव और थायरायड से छुटकारा मिला तो अब वे दूसरों को भी योग के प्रति जागरूक कर निरोग रहने का संदेश दे रही हैं।
शहर में कई योग शिविर महिला प्रशिक्षकों की देखरेख में निशुल्क संचालित किए जा रहे हैं, जहां प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्राणायाम, आसन और ध्यान को अपनाकर महिलाएं शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बन रही हैं। मोहल्ला मिश्राना में 20 वर्षों से डॉ. शालू गुप्ता, काशीनगर में अर्चना श्रीवास्तव, महाराज नगर में प्रिंस समेत तमाम अन्य योग केंद्र निशुल्क संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां अपनी सेहत को सुधारने के लिए पहुंच रही हैं।
प्रशिक्षकों का कहना है कि यदि महिलाएं रोज 30 से 45 मिनट भी योग करें, तो कई बीमारियों से बचाव संभव है। यह न सिर्फ इलाज है, बल्कि स्वस्थ जीवन की एक प्रभावी जीवनशैली भी है।
अनुभव साझा करते हुए कहा कि लंबे समय तक जिन रोगों को दूर करने के लिए उन्होंने दवाइयां खाईं, यह बीमारी योग से कुछ दिन में ही दूर हो गई।
मैं उच्च रक्तचाप, वातविकार और सायटिका की समस्या से जूझ रही थी। लगातार दर्द और तनाव के कारण जीवन असंतुलित हो गया था। वर्ष 2021 से नियमित योगाभ्यास शुरू करने के बाद स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
- राजदीपिका तिवारी, गणेश नगर
डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और घुटनों के दर्द से मैं लंबे समय से परेशान थी। चार माह तक नियमित योग करने से बीमारी में आश्चर्यजनक लाभ मिला। घुटनों का दर्द पूरी तरह खत्म हो गया। दवाइयां भी खानी बंद कर दीं।
-नूपुर सिंह, काशीनगर
मेरे दोनों घुटनों में लगातार दर्द रहता था। इस वजह से हर वक्त पैर सीधे ही रखने पड़ते थे। एक वर्ष से नियमित योग करने पर अब मुझे काफी आराम है। कोई दवा नहीं ले रही हूं। मेरी सलाह है कि सभी को योग जरूर करना चाहिए।
- सपना रस्तोगी, मिश्राना
मुझे योग को अपनाए हुए करीब 20 वर्ष हो गए। इससे पहले महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं होने के बाद मेरा लंबे समय तक इलाज चला। खूब दवाइयां भी खाईं। जब से योग अपनाया है, तब से स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक हूं।
- शर्मिला जौहरी, मिश्राना
एक सड़क दुर्घटना में फ्रैक्चर होने के बाद कॉलर बोन, कंधे और हाथ में दर्द की समस्या होने लगी। वर्ष 2003 से योग करना शुरू किया, तब धीरे-धीरे ठीक हो गई। अब तक सेहत को लेकर कोई बड़ी परेशानी नहीं आई।
- नूपुर महेंद्रा, मिश्राना
सर्वाइकल और कमर दर्द के लिए मार्जारी, व्याघ्र, पदोत्तानासन, भुजंग व उदराकर्षण जैसे आसन काफी लाभकारी साबित होते हैं, जिनसे कई शारीरिक समस्याओं में राहत मिलती है। इन्हें महिलाओं को रोज करना चाहिए।
- डॉ. शालू गुप्ता, योग प्रशिक्षक
मोहल्ला मिश्राना में योग शिविर में योगाभ्यास करती महिलाएं। संवाद
मोहल्ला मिश्राना में योग शिविर में योगाभ्यास करती महिलाएं। संवाद
मोहल्ला मिश्राना में योग शिविर में योगाभ्यास करती महिलाएं। संवाद
मोहल्ला मिश्राना में योग शिविर में योगाभ्यास करती महिलाएं। संवाद
मोहल्ला मिश्राना में योग शिविर में योगाभ्यास करती महिलाएं। संवाद
मोहल्ला मिश्राना में योग शिविर में योगाभ्यास करती महिलाएं। संवाद