निघासन। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के पक्ष में महिलाओं ने भी अपना मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को गुरुद्वारे में जुटीं महिलाएं हाथों में पोस्टर, बैनर लेकर सदर चौराहे से तहसील गेट पहुंचीं और एसडीएम को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। मांगें न पूरी होने पर दिल्ली आंदोलन में पहुंचकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
ऊषा दीक्षित, रजपाल कौर, परमजीत कौर, रनजीत कौर आदि ने कहा कि यदि सरकार ने यह कानून वापस नहीं लिया तो वह सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगी। बलविंदर कौर ने कहा कि इस कड़ाके की ठंड में किसानों के आंदोलन को 55 दिन बीत गए हैं, लेकिन सरकार कानून वापस न लेकर तानाशाही रवैया अपना रही है। प्रदर्शन के दौरान अधिक भीड़ होने के कारण जाम लग गया, जिसमें एक एंबुलेंस भी फंस गई तो महिलाओं ने रास्ता देकर उसे तुरंत निकलवाया। जुलूस में एक आठ साल का बच्चा हाथ में तिरंगा झंडा लेकर जोश खरोश के साथ नारेबाजी कर रहा था। इस दौरान गुरमेज कौर, कमलजीत कौर, कमल दीप कौर, परमजीत कौर, गुरविंदर कौर, जसविंदर कौर आदि महिलाएं मौजूद रहीं।