लखीमपुर खीरी। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के नारी जागरण अभियान में गायत्री परिवार की प्रशिक्षित महिलाएं गांवों में घर-घर जाकर गायत्री यज्ञ संपन्न करा रही है। रविवार को गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ व महिला मंडल संयोजन में धौरहरा ब्लॉक के सरसवां गांव में साप्ताहिक गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ अभियान के तहत रविवार को गांव के घरों में गायत्री यज्ञ संपन्न कराए गए।
मीडिया प्रभारी अनुराग मौर्य ने बताया कि रविवार को सरसवा गांव में महिला मंडल की अगुआई में जाति वंश सब एक समान, नर और नारी एक समान जैसे नारे लगाकर सामाजिक समता का संदेश दिया गया। इसके बाद सभी महिला पुरोहितों ने पूर्व चयनित घरों में गायत्री यज्ञ संपन्न कराकर इस रूढ़िवादिता पर कुठाराघात किया कि महिलाएं यज्ञ नहीं करा सकतीं। रविवार शाम तक गांव के 55 घरों में गायत्री यज्ञ संपन्न हो चुके हैं।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक रामखेलावन निषाद, मुख्य अतिथि मनीराम वर्मा, बहराइच के जिला समन्वयक एसपी त्रिपाठी, राकेश यादव, राज किशोर वर्मा, अजय वर्मा, निर्मला देवी, सावित्री वर्मा आदि मौजूद रहे।