सड़कों पर उतर कर किया प्रदर्शन
कस्बे में स्टेशन रोड पर स्थित शराब की दुकान को हटाने को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने शराब की दुकान के निकट प्रदर्शन किया और दुकान में ताला डाल दिया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने भौतिक निरीक्षण के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
खीरी कस्बे के स्टेशन रोड पर मंदिर के निकट शराब की दुकान है। जिसको हटवाने के लिए सामाजिक संस्थाओं ने प्रशासन को ज्ञापन दिया था, पर कोई सुनवाई नही हुई। इससे गुस्साईं बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष रविवार को समाजसेवी राकेश कुमार और खीरी एकता परिषद के नेतृत्व में शराब की दुकान के पास धरना प्रदर्शन किया। शराब की दुकान में ताला जड़ दिया। मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम आलोक वर्मा ने प्रदर्शन कारियों से वार्ता करने के बाद ज्ञापन लिया। एसडीएम ने भौतिक निरीक्षण करने के बाद शराब की दुकान हटवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान अजुम खां, खीरी एकता परिषद के चेयरमैन मोहम्मद अशरफ खॉ, अयूब अली, संजय, जकी कस्सार, वहीद गौरी, सलमान, माशूक अली, जीशान जफर के साथ गुलाबी गमछा डाले बड़ी संख्या में महिलाएं थे।
बांकेगंज। अवैध शराब के खिलाफ यहां की महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। शराब के चलते टूट रहे परिवार बढ़ती घरेलू हिंसा को लेकर महिलाओं के सब्र का बांध जब टूटा तो उन्होंने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया और क्षेत्र में अवैध शराब बनने और बिकने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। महिलाओं ने यह भी मांग की शराब की लाइसेंसी दुकानें भी सीमित मात्रा में ही खोली जाए।
बांकेगंज इलाके में बड़े पैमाने पर बनाई और बिक्री की जा रही अवैध शराब से परेशान महिलाओं चमेली देवी, गंगा देवी, पुष्पा देवी, मालती देवी, सरोज देवी, रजनी, कलावती, प्यारा देवी आदि का कहना है कि पिछले कई सालों से अवैध शराब कारोबार ने कुटीर उद्योग का रूप ले लिया है। क्षेत्र के गांवों में घर-घर कच्ची का धंधा खुले आम चल रहा है। गांव में आसानी से मिलने वाली अवैध शराब को लेकर युवा पीढ़ी नशे की आदी हो गई है। आलम यह है कि गांव के पुरुष और युवा सुबह उठकर चाय या दूध पीने के बजाय दारू का इस्तेमाल करने लगे है। जिससे घरेलू हिंसा बढ़ने के साथ ही गांव में हर दिन लड़ाई-झगड़ा और मारपीट की घटनाएं हो रही है। महिलाओं का कहना है कि कच्ची के मामले में बदनाम गंगापुर, बांकेपुर, दौलतपुर, खैरताली, प्रतापपुर, अंबेडकर नगर, झाऊपुर आदि में खुलेआम अवैध शराब बनाई और बिक्री की जा रही है। आबकारी और पुलिस विभाग से शिकायत के बावजूद इस धंधे पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। गांव की गलियों और सड़कों पर बिकने वाली कच्ची के चलते वहां पियक्कड़ों का जमावाड़ा रहता है। इससे महिलाओं और बहू-बेटियों का सड़कों से निकलना दूभर हो रहा है। इसको लेकर क्षेत्र की आधी आबादी बेहद परेशान है। महिलाओं ने नवागत एसपी से महिलाओं की समस्या पर ध्यान देकर बांकेगंज इलाके में अवैध शराब कारोबार पर प्रतिबंध लगाने की गुहार लगाई है।
(फोटो लाइन-07जीएलए-बीकेजी02- बांकेगंज में अवैध शराब के खिलाफ प्रदर्शन करतीं महिलाएं।)