मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के एक घर में घुसे युवक ने महिला से छेड़छाड़ की। शोरशराबा करने पर पति बचाने पहुंचा तो उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि सोमवार शाम आठ बजे वह अपने घर पर था। तभी पड़ोस का दबंग युवक शराब के नशे में घर में घुस गया और उसकी पत्नी से छेड़छाड़ करने लगा। पत्नी के शोर मचाने पर वह बचाने दौड़ा तो आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। आसपास के लोगों के आ जाने पर आरोपी युवक जान से मार देने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़ित महिला मंगलवार को पति के साथ कोतवाली पहुंची और आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दुष्कर्म और मारपीट के चार आरोपियों की 15 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं
गोला गोकर्णनाथ। विवाहिता से दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस 15 दिन बीत जाने के बाद भी चार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी उसे जानमाल की धमकियां दे रहे हैं।
पीड़ित महिला ने 15 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उसने कहा था कि वह मोहल्ले के ही एक व्यक्ति के मकान में परिवार सहित 18 माह किराए पर रही। पति काम से अक्सर बाहर रहता था, जिसका फायदा उठाकर उक्त व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर पति से तलाक करवा दिया। आरोपी उसे लेकर लखीमपुर चला गया, जहां वह बतौर पति-पत्नी रहने लगे। एक दिन आरोपी के माता पिता और परिवार वाले आए और मारपीट कर उक्त व्यक्ति को अपने साथ लेकर चले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गोपाल गुप्ता, सुधीर गुप्ता, सरिता गुप्ता, विद्याराम, अनुभव गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस ने 20 सितंबर को गोपाल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष नामजद आरोपी फरार हैं, जिन्हें पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे लगातार जान से मार देने की धमकी दे रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार दहशत में है।
मामला प्रेम प्रसंग का है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी गोपाल गुप्ता को जेल भेज दिया था। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, जो फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
-अनिल कुमार यादव, प्रभारी निरीक्षक गोला गोकर्णनाथ