सुंदरवल (लखीमपुर खीरी)। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। वह लॉकडाउन होने की वजह से अपने मायके में ही रह रही थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव बसहाभूड़ निवासी दयाराम भास्कर ने बताया कि उन्होंने पुत्री आरती देवी (23) की शादी शाहजहांपुर जिले के गांव मनवाबारी निवासी मिथिलेश कुमार के साथ की थी। मिथिलेश दिल्ली में किसी फैक्टरी में मजदूरी करने गया है। इधर लॉकडाउन होने के कारण काफी दिनों से पुत्री मायके में ही थी। लॉकडाउन में पति के दिल्ली में फंसे होने से वह अवसाद में थी। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव पास में लगे नीम के पेड़ से लटकता मिला। घर वालों को आशंका है कि अवसाद में आकर आरती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया अवसाद में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।