हादसे में घायल मासूम ऋषभ। स्रोत : अस्पताल
ममरी। ममरी-कस्ता मार्ग पर अजान चौराहे के पास स्कूटी की टक्कर से घायल हुईं कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के ग्राम राजगढ़ निवासी महिला मोनी देवी पत्नी धर्मेंद्र श्रीवास्तव की मौत हो गई। हादसे में उनका तीन वर्षीय बेटा ऋषभ और वृद्ध बुआ गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
ऋषभ के साथ मोनी ग्राम बगहा निवासी अपने फूफा ओम प्रकाश श्रीवास्तव के घर लड़के की शादी में शामिल होने आई थीं। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मीना ग्राम बगहा निवासी अपनी बुआ अनारा देवी के साथ घर जाने के लिए निकली थीं। अजान चौराहे के पास सड़क पार करते समय तेज गति से आ रहे स्कूटी चालक ने मोनी, बेटे ऋषभ और ग्राम बगहा निवासी बुआ अनारा देवी को टक्कर मार दी। इससे तीनों लोग घायल हो गए।
रिश्तेदारों ने तीनों को निजी वाहन से गोला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मोनी को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल अनारा देवी और बच्चे ऋषभ को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। चालक अपनी स्कूटी मौके पर छोड़ भाग निकला।