मैगलगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्माखेड़ा निवासी अवधेश शुक्ला की 40 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी देवी की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने सही इलाज नहीं करने का आरोप लगाया है।
मृतका के पति अवधेश शुक्ला ने बताया कि लक्ष्मी देवी पिछले कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थीं। दवा लेने के बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। रविवार सुबह अचानक उनकी मृत्यु हो गई। वहीं दूसरी ओर मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उचित देखभाल न करने के कारण ही लक्ष्मी देवी की मौत हुई है।
मामले की जानकारी मिलते ही मायके वालों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी रविंद्र कुमार पांडे ने बताया कि मृतका का मायका मोहल्ला नौरंगाबाद लखीमपुर में है। मायके पक्ष द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।