महेवागंज। घर से चंद कदम दूर पैदल सड़क पार करते समय एक महिला को ट्रक ने कुचल दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कर भाग रहे चालक को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। हादसा मंगलवार सुबह पुलिस चौकी के सामने हुआ।
कस्बा निवासी असरतुन (50) मंगलवार सुबह घर के समीप शारदानगर मार्ग पार कर रही थी। इस बीच पुलिस चौकी के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंद दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला।
पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इससे सभी चौकी थाने अलर्ट हो गए। पुलिस को चकमा देकर चालक ने ट्रक शारदा नगर की ओर ले भागा। इस बीच साइकिल और एक बाइक सवार ट्रक की टक्कर से जख्मी हो गए। शारदानगर में बैरिकेडिंग देख चालक ने शारदा नहर में छलांग लगा दी। यह देख पीछा कर रहे चौकी के सिपाही संजू यादव ने भी छलांग लगाई और चालक को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत सिंह पुत्र मेजर सिंह निवासी थाना तलवंडी पंजाब बताया है। उधर शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के घर मे मातम पसरा है।