घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व अन्य लोग
- फोटो : LAKHIMPUR
सिकंद्राबाद। लखीमपुर-सिकंद्राबाद मार्ग पर रविवार शाम करीब 7:30 बजे एक वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की वाहन के पहिए के नीचे आकर कुचलने से मौत हो गई। वह दामाद के साथ अपने घर लखीमपुर शहर के मोहल्ला हिदायतनगर जा रही थी। मौके पर पहुंची चौकी सिकंद्राबाद पुलिस ने वाहन की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है। हेलमेट लगाए होने से बाइक चालक की जान बच गई।
लखीमपुर शहर के मोहल्ला हिदायतनगर निवासी सलीम परिवार समेत लड़की देखने के लिए थाना हैदराबाद क्षेत्र में गए थे। उनके साथ पत्नी आलिया (40) और परिवार के अन्य लोग भी थे। रविवार शाम को सभी अलग-अलग वाहनों से लौट रहे थे। आलिया दामाद आमीन के साथ बाइक से घर वापस आ रहीं थी। लखीमपुर-सिकंद्राबाद मार्ग पर गांव विलोचापुर के पास एक वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे आलिया उछलकर सड़क पर गिर गईं। वाहन का पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज हनुमंत लाल तिवारी ने वाहन की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया। आसपास के थानों और चौकियों को घटना की जानकारी दी।