मैलानी। मैलानी-शाहगढ़ रेलखंड के कुर्रैया-दूधिया खुर्द के बीच रुके हुए रेल विद्युतीकरण का काम सोमवार को शुरू हो गया। इसे देखते हुए तीन-चार दिनों में ही इलेक्ट्रिक इंजन से स्पीड ट्रॉयल होने की उम्मीद है।
मैलानी-शाहगढ़ रेलखंड के कुर्रैया-दूधिया खुर्द के बीच करीब पांच सौ मीटर की दूरी में पीलीभीत टाइगर रिजर्व का जंगल होने के कारण वन विभाग की आपत्ति के चलते चौदह सौ मीटर में वायरिंग का काम नहीं हो सका था। वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद कार्यदायी संस्था रेल विकास निगम लिमिटेड ने सोमवार को वायरिंग का काम शुरू कर दिया।
आरवीएनएल के प्रबंधक और सेक्शन प्रभारी कृष्ण मोहन विश्वकर्मा ने बताया कि सोमवार को दोपहर तक चौदह सौ मीटर में वायरिंग का काम करा लिया गया है। कोशिश है कि देर शाम तक लाइन में करंट प्रवाहित कर दिया जाए। बताया कि दो-तीन दिन में काम पूरा होने के बाद एकाध रोज में ही ट्रॉयल भी करा लिया जाएगा। इसके बाद सीआरएस निरीक्षण कराने की तैयारी की जाएगी।