मझगईं। पलिया ब्लॉक की करीब 14 हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर के ग्रामीणों ने जर्जर मार्ग, बदहाल स्वास्थ्य व शिक्षा को लेकर इस बार दयावती लोधी को गांव की कमान सौंपी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि नई प्रधान गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, शुद्ध पानी, जर्जर सड़कों से उनको निजात दिलाएंगी। वहीं, नवनिर्वाचित प्रधान दयावती भी ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरा उतरना चाहती हैं और गांव में बारात घर के साथ ही कन्या इंटर कॉलेज बनवाने की बात कह रही हैं।
दूर तक प्रसिद्ध है 200 साल पुराना शिवला मंदिर
गांव में करीब 200 साल पुराना शिवजी का एक विशाल मंदिर है, जिसे शिवला मंदिर के नाम से भी लोग जानते हैं। दूर-दराज से लोग यहां भगवान शिव के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। यहां मुख्य त्योहारों पर मेला भी लगता है।
एक नजर
आबादी- 15000
वोटर- 6000
पेशा- कृषि
साक्षरता- 52 प्रतिशत
समस्याएं
1- गांव में साफ-सफाई नहीं
2- शिक्षा और स्वास्थ्य
3- जर्जर सड़कें
4- पानी निकास की समस्या
5- अधूरे शौचालय
प्राथमिकताएं
1- कन्या इंटर कॉलेज का निर्माण
2- बरातघर का निर्माण
3- मुक्तिधाम बनवाना
4- सभी मजरों में स्ट्रीट लाइट
5- घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाना
क्या कहतीं हैं ग्राम प्रधान
गांव में साफ-सफाई, जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराने के अलावा पात्रों को आवास दिलाने का कार्य किया जाएगा। बालिकाओं की शिक्षा के लिए गांव में कन्या इंटर कॉलेज की स्थापना, बरात घर व मुक्तिधाम बनवाना भी प्राथमिकता होगी।
- दयावती लोधी, ग्राम प्रधान, त्रिलोकपुर
पानी निकास की मुख्य समस्या है। नालियां भी टूटीफूटी हैं। उम्मीद है कि जर्जर सड़कों से भी निजात मिलेगी। हम ग्रामीण की यही प्रधान से उम्मीद है।
- राजकिशोर भारती
जल निगम द्वारा शुद्ध पानी की टंकी की सफाई होनी चाहिए। जलनिकासी के लिए गांव में नालियों का निर्माण हो और गांव में सफाईकर्मी की नियुक्ति भी हो।
- शिवनाथ ओझा
हल्की बारिश में रास्ते तालाब बन जाते हैं। मुक्तिधाम न होने से लोग सरयू नदी पर ले जाकर अंत्येष्टि करते हैं। इसके अलावा भी कई समस्याएं हैं।
- राजकुमार चौरसिया