बांकेगंज। भीषण गर्मी के चलते जंगल में जलाशय, नदी-नाले और तालाब के सूख जाने पर दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन ने वाटरहोल्स में पानी भरवाया है। पानी से लबालब भरे इन कच्चे और पक्के वाटरहोल्स में वन्यजीव अपनी प्यास बुझाने के साथ ठंडे पानी में जलविहार कर गर्मी से निजात पाने की कोशिश कर रहे हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के दक्षिण सोनारीपुर रेंज में पानी से लबालब भरे एक पक्के वाटरहोल में बाघ को जलक्रीड़ा करते देखा गया। जंगल में गश्त कर रही वन विभाग की टीम ने इस दुर्लभ नजारे को अपने कैमरे में कैद किया। गश्ती टीम को कई वाटरहोल्स में वन्यजीवों को पानी पीते हुए और उसमें उछल-कूद करते हुए बंदर, बारासिंगा हिरन, चीतल, पाढ़ा तोता आदि दिखाई दिए।
दुधवा टाइगर रिजर्व के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक/एफडी बी. प्रभाकर ने बताया कि टाइगर रिजर्व समेत बफरजोन की सभी वाटरहोल्स भर दिए गए हैं। यह क्रम बरसात होने तक जारी रहेगा। ताकि किसी वन्यजीव को अपनी प्यास बुझाने के लिए जंगल से बाहर न भटकना पड़े।