संसारपुर। शाम के समय घर से निकले चमरपुर निवासी युवक का शव देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।
ग्राम चमरपुर निवासी ओमप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 25 वर्षीय पुत्र दीपक 27 मई की शाम 5 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सगे-संबंधियों से जानकारी जुटाई गई। अगले दिन गंगापुर निवासी किसी व्यक्ति ने फोन कर बताया कि दीपक गांव के निकट सड़क के किनारे पड़ा है। गोला अस्पताल में डाक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का संदेह है कि दीपक की हत्या की गई है।
बताया जा रहा है कि दीपक का किसी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। एसआई हिमांशु आनंद सिंह ने बताया कि 28 मई की रात एक व्यक्ति के गंगापुर के पास सड़क के किनारे पड़े होने की सूचना मिली थी। उसकी शिनाख्त दीपक के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास शराब का पव्वा और दो पैकेट जहरीले पदार्थ के मिले थे। मामले की जांच की जा रही है ।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।