मझगईं (लखीमपुर खीरी)। इलाके के भगवंतनगर गांव में एक ग्रामीण के घर में घुसकर तेंदुआ दो बकरों को उठा ले गया। घर से कुछ दूरी पर एक गन्ने के खेत में दोनों बकरों की हड्डियां मिलीं हैं। रेंजर ने वनकर्मियों के साथ मौका मुआयना किया। गश्त के लिए वन कर्मियों को भी लगाया गया है। ग्रामीणों से सावधानी बरतने के निर्देश भी वनकर्मियों ने दिए हैं।
क्षेत्र के भगवंतनगर गांव निवासी शिवराज सिंह के दो बकरे उसके घर के अंदर बंधे हुए थे। सोमवार की सुबह घर में घुसकर तेंदुआ दोनों को उठा ले गया। बकरों के मिमियाने की आवाज सुनकर जागे शिवराज ने लोगों के साथ उसका पीछा किया। लेकिन तेंदुआ दोनों बकरों को गन्ने के खेत के अंदर लेकर चला गया। सूचना पाकर रेंजर सुभाष चंद्र वर्मा, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहायक परियोजना अधिकारी राधेश्याम भार्गव, फारेस्ट गार्ड शरदा मिश्रा, वन दरोगा विक्रम सिंह आदि टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। साथ ही ग्रामीणों ने सावधानी बरतने की नसीहत दी है। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी वनकर्मियों की तरफ से दिया गया है। उधर गांव के अंदर घर में घुसकर बकरों को तेंदुए द्वारा उठा ले जाने की घटना के बाद से लोगों में दहशत फैली हुई है। रेंजर सुभाष चंद्र वर्मा ने बताया कि तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं, घर से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत से बकरों की कुछ हड्डियां भी मिली हैं। बताया कि गश्त के लिए वनकर्मियों को लगाया गया है और ग्रामीणों से सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।