मझगईं। भगवंतनगर गुलरा गांव में आवारा सांड़ का कहर जारी है। एक युवक का घायल किए एक हफ्ता भी नहीं गुजरा था कि सांड़ ने रविवार को एक अन्य युवक को घायल कर दिया। घायल को सीएचसी पलिया लाया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर उसे छुट्टी दे दी।
पुलिस चौकी मझगई क्षेत्र के गांव भगवंतनगर गुलरा निवासी छत्रपाल (45) रविवार दोपहर गांव के उच्च प्राथिमक विद्यालय के पास रहने वाली बहन रेशमा के घर जा रहा था। स्कूल के पास सांड़ ने छत्रपाल पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। लोगों ने लाठी डंडा लेकर किसी तरह से सांड़ को भगाया। घायल को एंबुलेंस 108 से सीएचसी पलिया भेजा गया, जहां डॉक्टर ने मरहम पट्टी कर उन्हें छुट्टी दे दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा सांड़ का कहर थम नहीं रहा है। लगातार सांड़ ग्रामीणों पर हमले कर रहा है। अधिकारियों की लापरवाही से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने डीएम से सांड़ को पकड़वाने की मांग की है।
दो को उतार चुका है मौत के घाट
कस्बा में घूमने वाला आवारा सांड़ के हमसे ले अभी तक मनीराम व लंबा देवी की मौत हो चुकी है। वहीं हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उधर एक हफ्ते के अंदर ही सांड़ ने दो लोगों को घायल कर चुका है।