बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के पनसब्बी बीट किनारे बड़ी नहर पटरी पर गुजर रहे राहगीरों से बाघ का सामना हो गया। बाघ को कुछ दूरी पर खड़ा देख राहगीरों के होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर जंगल की गश्त कर रहे वन कर्मी आनन-फानन में वहां पहुंचे। इससे पहले बाघ जंगल में चला गया।
घटना रविवार दोपहर दो बजे करीब की है। खीरी ब्रांच नहर पटरी से सटी पनसब्बी बीट जंगल से निकला एक बाघ उधर से गुजर रहे राहगीरों से कुछ दूरी पर आकर खड़ा हो गया। चंद कदमों की दूरी पर खड़े बाघ को देख राहगीरों के होश उड़ गए। उनके शोर मचाने पर जंगल गश्त कर रहे फॉरेस्टर मोहम्मद उमर, राजेंद्र वर्मा व पिंटू वॉचर आनन-फानन में नहर पटरी पर पहुंचे। इससे पहले बाघ घने जंगल में घुस गया। तब जाकर राहगीरों ने राहत की सांस ली। वन कर्मियों ने बताया कि पनसब्बी बीट जंगल बाघों का प्राकृतिक वास है। बाघ अक्सर जंगल से निकलकर नहर पटरी पर चहलकदमी करते हुए पहुंच जाता है। उन्होंने नहर पटरी पर ताजे पगचिह्न देख बाघ मौजूदगी की पुष्टि की है। साल भर पहले इसी इलाके में एक घंटे के अंतराल में बाघ ने दो ताबड़तोड़ हमले कर एक लकड़कट्टा, दो ग्रामीण और एक बैल को घायल कर दिया था। इससे नहर पटरी कुछ दिन राहगीर जाने से कतराने लगे थे। रविवार दोपहर नहर पटरी पर फिर राहगीरों का बाघ से सामना होने पर लोगों में दहशत है। हालांकि बाघ ने किसी राहगीर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है।