पलियाकलां में दुधवा नेशनल पार्क के जंगलों से आया एक जंगली हाथियों का झुंड बंशीनगर गांव तक आया और फिर दुधवा रोड पर भी पहुंचा। इस झुंड ने यहां के खेेतों में बुरी तरह तबाही मचाई और किसानों की कई एकड़ फसल नष्ट कर दी। इसके साथ ही उन्होंने यहां किसानों की कई झोपड़ियां नष्ट कर दीं।
दुधवा नेशनल पार्क के जंगल से निकल कर आया एक जंगली हाथियों का झुंड सोमवार की रात बंशीनगर के खेतों और दुधवा रोड तक पहुंच गया। इस झुंड में बच्चों सहित करीब 50 हाथी शामिल थे। उन्होंने खेतों में तबाही मचाते हुए रामचंदर पुत्र ठाकुर प्रसाद के खेत में बोया हुआ गन्ने का बीज, जमुना प्रसाद व प्रहलाद पुत्र जगतराम की गेहूं की फसल बर्बाद कर दी और खेत में बनी झोपड़ी को नष्ट कर दिया। इसके बाद पप्पू पुत्र कल्लू की गेहूं की फसल बर्बाद करते हुए दुधवा रोड पार कर राजेंदर सिंह, गुरमेल सिंह के गन्ने के खेत से बीज उखाड़ कर वापस जंगल में चले गए। इससे लोग पूरी रात हलकान रहे। उन्होंने जंगली हाथियों को रोकने की मांग की है।