जिला योजना समिति के सभी 25 सदस्य पदों के लिए मंगलवार को जिला पंचायत सदस्यों ने एडीएम कोर्ट में एकल नामांकन दाखिल किया। आरक्षणवार एकल नामांकन होने के कारण इन पदों के लिए सभी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। हालांकि अभी प्रक्रिया के अनुसार 12 मार्च को नाम वापसी की तिथि निर्धारित की गई है। जिसके बाद ही 16 मार्च को होने वाले मतदान और मतगणना की स्थिति साफ हो सकेगी।
एडीएम एसपी सिंह ने बताया कि 28 सदस्यों वाली जिला योजना समिति के लिए मंगलवार को 25 जिला पंचायत सदस्यों ने आरक्षणवार अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। एक सीट पर एक ही प्रत्याशी का नामांकन-पत्र प्राप्त किया गया। उन्होंने बताया कि जिला योजना समिति के तीन सदस्यों का निर्वाचन नगरीय निकाय के सदस्यों में से किया जाना है, लेकिन अभी नगरीय निकाय के पुराने सदस्यों का कार्यकाल चल रहा है। नए सदस्यों के निर्वाचन के बाद नए सिरे से उनका निर्वाचन किया जाएगा। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए लगभग सभी जिला पंचायत सदस्य सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल की अगुवाई में एडीएम कोर्ट पहुंचे और अपना नामांकन कराया।
--
इन सदस्यों ने कराया नामांकन
अनारक्षित वर्ग
प्रहलाद पटेल, महेंद्र सिंह, माजिद अली, मिथिलेश कुमार सिंह, अशोक शर्मा, विमिलेश कुमार, जाबिर अली
अनारक्षित महिला
आरती चौधरी, नगमा, बीना सिंह, सुमन सिंह
अनुसूचित जाति
प्रवीन कुमार, विनोद कुमार, शिवकुमार, रामकुमार, नन्हे लाल
अनुसूचित जाति महिला
कल्पना, अलका
अन्य पिछड़ा वर्ग
सत्यराम, सुरेश पाल सिंह, जसवंत सिंह, पंकज कुमार, सतेंद्र कुमार
अन्य पिछड़ा वर्ग महिला
कामिनी देवी, ऊषा देवी
--
विकास की योजनाओं पर देंगे सुझाव
जिला योजना समिति के सदस्य चुने जाने के बाद सभी जिला पंचायत सदस्य विकास की योजनाओं के लिए होने वाली जिला योजना की बैठक में अपना सुझाव दे सकेंगे। साथ ही प्रस्ताव भी रख सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि जिला योजना समिति जिले के विकास को लेकर योजना तैयार करती है, जिसका कार्यदाई संस्थाएं अनुपालन करती हैं।