कई बीघा गन्ने की खड़ी फसल को किया तहस-नहस
मंगलवार रात दुधवा नेशनल पार्क के जंगल से निकले लगभग डेढ़ दर्जन जंगली हाथियों के झुंड ने थारु ग्राम बलेरा और धुसकिया के खेतों में जमकर उत्पात मचाया। खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को रौंद डाला तथा कई किसानों के इंजन पलट कर बोरिंग तोड़ दीं तथा रखवाली को बनी झोपड़ी भी तोड़ डाली।
मंगलवार रात हाथियों का झुंड थारू ग्राम बलेरा में घुस गया और वहां के किसान हरिलाल की छह बीघा गन्ने की फसल तथा रमाशंकर की तीन बीघा और धनी राम राना की दो बीघा गन्ने की फसल को खाकर तथा रौंद कर नष्ट कर डाला। झुंड ने पंडीलाल के खेत में बंधे इंजन को पलट दिया और बोरिंग तथा रखवाली को बनी झोपड़ी भी तोड़ डाली। ग्रामीणों के जाग जाने पर ग्रामीणों ने गोले-पटाखे दागकर हाथियों को वापस जंगल में खदेड़ा। कुछ देर बाद फिर ये झुंड थारु ग्राम धुसकिया में घुस गया और वहां पर किसान अजय बाबू की 10 बीघा गन्ने की फसल को खाकर और रौंद कर नष्ट कर डाला। ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजा दिए जाने की मांग की है।