किसान परेशान, मुआवजे की मांग, सुअरों ने भी मचाया आतंक
चौखड़ाफार्म में जंगली हाथियों ने कई एकड़ गन्ने की फसल तहस नहस कर दी। जिससे किसानों का काफी नुकसान हो गया। किसानों ने हाथियों से बचाने के साथ ही मुआवजे की मांग की है।
कस्बे व आसपास के गांव के खेतिहर इलाके में पार्क के जंगली हाथियों का तांडव बराबर जारी है। इससे इलाके का किसान बुरी तरह परेशान है। मझगईं, तिकोनाफार्म, बेला आदि गांवों में कहर ढाने के बाद जंगली हाथियों ने चौखड़ाफार्म में उत्पात मचाकर सुखदेव सिंह, तारा सिंह, बलदीप सिंह आदि किसानों की दर्जनों एकड़ फसल तहस नहस कर कर दी। हाथियों के उत्पात से क्षेत्र का किसान परेशान है लेकिन वनविभाग कोई कारगर कदम नहीं उठा रहा है। इससे किसानों में रोष व्याप्त है।
उधर कंधरहिया गांव निवासी ओमप्रकाश नाग, बृजेश नाग, बलराम आदि किसानों के गन्ने के खेतों में जंगली सुअरों ने आतंक मचाकर करीब 20 बीघा गन्ना नष्ट कर दिया। किसानों ने जंगली जानवरों से बचाने के साथ मुआवजे की मांग की है। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहायक परियोजना अधिकारी राधेश्याम भार्गव ने तिकोनाफार्म और बौधिया में हाथी बचाव दल को 6 सौ पटाखों का वितरण किया और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के तरीके बताए।