ममरी (लखीमपुर खीरी)। मोहम्मदी रेंज क्षेत्र में रविवार को सुबह गांव के पश्चिम में घास काटने गए पुलिस चौकी मूड़ा निजाम क्षेत्र के गांव सुंदरपुर निवासी सुशील कुमार (44) पर गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ युवक को छोड़ खेत में घुस गया। घायल युवक को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला भेजा गय। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वन वीट देवीपुर जंगल से डेढ़ किमी दूर बसे गांव सुंदरपुर निवासी सुशील कुमार, पुत्र हर्षित (10) के साथ रविवार को सुबह गांव के पश्चिम स्थित पंकज के खेत से घास काटने गया था। वह घास काट रहा था कि इसी बीच गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने उस पर हमला कर गंभीर घायल कर दिया। पुत्र हर्षित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सुशील के शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठे हो गए। शोर सुनकर बाघ सुशील को छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया। डीजल पंप मालिक, प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और बाइक से सुशील को उसके घर पहुंचाया। घटना की सूचना पर पहुंचे रेंजर मोबिन आरिफ और वन कर्मियों ने घटनास्थल का मुआयना कर बाघ के पग चिह्न मिलने की पुष्टि की। गंभीर हालत में सुशील को 108 एंबुलेंस से गोला सीएचसी भेजा गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बाघ की निगरानी में वनकर्मियों की टीम लगा दी गई है। अभी गन्ने की ऊंचाई कम है, बाघ रात में स्वत: जंगल में चला जाएगा। गांव वाले बाघ का घेराव न करें और सतर्क रहें।
-मोबिन आरिफ, रेंजर मोहम्मदी
बाघ के हमले से लोगों में दहशत
एक हफ्ते से चहलकदमी बढ़ी, लोगों को खेतों की ओर जाने से लग रहा भय
संवाद न्यूज एजेंसी
ममरी। बाघ के बढ़ते हमलों से क्षेत्र में दहशत है। इधर, एक सप्ताह से बाघ की चहलकदमी से लोग खेतों की ओर भी जाने से डर रहे हैं, इससे पहले बाघ आंवला बीट क्षेत्र में चार पशुओं को निवाला बना चुका है। रेंजर मोबिन आरिफ ने गांव वालों को सतर्क रहने, खेतों में अकेले न जाने की सलाह दी है।
बाघ के हमले की घटनाएं
-12 अप्रैल वर्ष 2017 को देवीपुर के शर्मालाल की बाघ के हमले में मौत
- 27 अगस्त 2017 को पसियापुर के नारायण लाल की बाघ के हमले में मौत
-21 अक्तूूबर 2017 को अशर्फीगंज के लालाराम की बाघ के हमले में मौत
-19 नवंबर 2017 को महेशपुर के ओमप्रकाश की बाघ के हमले में मौत
-18 जून 2018 को सुंदरपुर के बालकराम की बाघ के हमले में मौत
-30 दिसंबर 2019 को बुधेली नानकार के लालबिहारी की बाघ के हमले में मौत और रमेश पंडित घायल