महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। सदर कोतवाली क्षेत्र के अमकोटा गांव में घूरे की जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद में शनिवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों में मारपीट होने लगी। आरोप है कि इस दौरान चाकू लगने से एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराकर तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव अमकोटा निवासी रामसागर का गांव के ही शिवकुमार, पन्ना आदि से घूरे की जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। कई बार हाथापाई और थाना-चौकी भी हुई। आरोप है कि शनिवार सुबह एक पक्ष ने घूरे की जमीन पर कब्जे की नीयत से नींव की ईंट उखाड़ दी। इस पर कहासुनी के बाद दोनों पक्ष भिड़ गए। उनमें मारपीट हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान रामसागर की पत्नी कांति के हाथ में चाकू लग गया, इससे वह घायल हो गई। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया। शाम को एक पक्ष की ओर से एक बसपा नेता चौकी पर आ पहुंचे। पुलिस के सामने दोनों पक्षों में खूब हॉट टॉक हुई। पुलिस ने दोनों को समझा बुझाकर शांत कर दिया। चौकी प्रभारी पारसनाथ ने बताया कि घूरे का पुराना विवाद है। महिलाओं के बीच मारपीट में चूड़ी टूटने से एक महिला को मामूली चोट लगी है। तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विकास भवन के सामने हमलावरों ने युवक को पीटा
लखीमपुर खीरी खीरी रोड पर स्थित विकास भवन के पास शनिवार की शाम पांच लोगों ने एक युवक को रोक लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर किया। फायर मिस होने के कारण उसकी जान बच गई। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शहर के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी अनूप कुमार वर्मा ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम वह बाजार से अपने घर लौट रहा था। विकास भवन के सामने पांच युवकों ने उसे रोक लिया और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी हमलावर हो गए और मारपीट करने लगे। इसी बीच एक हमलावर ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली मिस हो गई, जिससे उसकी जान बच गई। शोर शराबा होने पर कई लोग आ गए। इस पर हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग निकले। अनूप वर्मा ने तीन हमलावरों को नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।