बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। दक्षिण खीरी वन प्रभाग के गोला रेंज में बिझौली गांव के पास से गुजरने वाली नहर किनारे बाघ के एक अविकसित शावक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर विभाग के अमले ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम से पहले इस शावक की भी कोविड-19 जांच कराई जाएगी।
गोला रेंज की पूर्वी बीट में बिझौली गांव से सटकर बहने वाली बड़ी नहर के किनारे मंगलवार सुबह बाघ के शावक का शव पड़ा देखा गया। ग्रामीणों ने सूचना वन विभाग को दी। दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक, डीएफओ समीर कुमार, विश्व प्रकृति निधि के समन्यवक डॉ मुदित गुप्ता, एसडीओ हरीशंकर शुक्ला समेत वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
एफडी संजय पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृत शावक अविकसित प्रतीत होता है। घटनास्थल के आसपास कहीं किसी बाघिन के पगचिह्न न मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि अविकसित शावक का शव नहर में बहता हुआ यहां तक पहुंचा है। पिछले साल भी इसी जगह नहर में बहकर आया एक बाघिन का शव बरामद हुआ था। बाघ शावक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आवीआरआई बरेली भेजा जाएगा।