बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के बस्तौली गांव में पति से विवाद के बाद पत्नी ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मायके वालों ने पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। थाना पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी ।
भीरा थाना और बिजुआ पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बस्तौली गांव निवासी छोटू पुत्र रमेश और उसकी पत्नी आरती (25) के बीच खाने में चटनी बनाने को लेकर शुक्रवार की दोपहर विवाद हो गया। जिसके बाद आरती ने जहर खा लिया। जानकारी मिलने पर पति और परिवार के लोग आरती को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खबर मायके वालों को मिलने पर वह लोग भी पहुंचे। आरती की मां ने भीरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय राय को सूचना देकर पुत्री के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। अजय राय के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--
भाभी की छोटी बहन से की थी शादी
दो साल पहले छोटू ने अपनी भाभी की छोटी बहन आरती को घर से भगाकर शादी की थी, बाद में दोनो ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। मायके वालों को यह शादी मंजूर नहीं थी लेकिन बाद में दोनों लोगों के बीच आना-जाना शुरू हो गया था।
--
मायके वाले आरती के शव को ले गए
बिजुआ। शनिवार देर शाम आरती का शव लेकर मायके वाले मालपुर से नहर मार्ग से बस्तौला चौराहे पर निकले। यहां पर ग्राम प्रधान समेत कई लोग खड़े थे, मायके वालों ने शव देने से इंकार कर दिया।