पुलिस गिरफ्त में आरोपी। स्रोत :पुलिस
- फोटो : टूंडला के राजा का ताल में जन आक्रोश रैली निकालते भाजपाइ्र संगठन
मितौली। थाना क्षेत्र के गांव निमचेनी में 16 अप्रैल को गोली मारकर हुई गणेश त्रिपाठी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतक की पत्नी संध्या त्रिपाठी, उसके प्रेमी पुरुषोत्तम वाजपेयी और सहयोगी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और तमंचा बरामद किया गया है। सीओ मितौली यदुवेंद्र ने बताया कि संध्या का मायका हरदोई जिले के मंझिला थाना क्षेत्र के गांव कर्मा में है। पास के गांव पारा के रहने वाले पुरुषोत्तम से लंबे समय से प्रेम संबंध था।
शादी के बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा और पति गणेश उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक, 16 अप्रैल को गणेश सरसों पेराई कराकर घर लौट रहे थे, तभी निमचेनी के पास पुरुषोत्तम और प्रवेश ने उन्हें गोली मार दी। वारदात के बाद इसे लूट दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन जांच में साजिश का खुलासा हो गया।
सीओ ने बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम पहले भी डबल मर्डर के मामले में जेल जा चुका है, जबकि प्रवेश कुमार दहेज हत्या के मामले में जेल की सलाखों के पीछे रह चुका है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल, घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।