गोला में 24 वर्ष बाद काबिज हुई भाजपा
राजनीति में कुछ भी संभव है, भाजपा के साथ कुछ ऐसा ही हुआ गोला विधानसभा क्षेत्र में 1996 के चुनाव में सपा प्रत्याशी अरविंद गिरि ने भाजपा से सीट छीनी थी इस बार अरविंद गिरि ने ही यह सीट जीतकर भाजपा की झोली में डाली है। इस जीत के साथ ही यहां 24 वर्ष बाद भाजपा ने वापसी की है, इससे कार्यकर्ताओं में खुशी है।
पूर्व में हैदराबाद विधानसभा क्षेत्र के वर्ष 1989, 1991 और 1993 में लगातार तीन बार भाजपा के रामकुमार वर्मा विधायक चुने गए थे यहीं से वह लोक निर्माण मंत्री बने। 1996 के चुनाव में हैदराबाद क्षेत्र में अपना विरोध भांप पटेल रामकुमार वर्मा निघासन चले गए, जहां से चुनाव जीतकर वह सहकारिता मंत्री बने। 1996 में सपा प्रत्याशी अरविंद गिरि ने चुनाव लड़ा जो जीत गए और वर्ष 2002 और 2007 के चुनाव भी जीतते चले गए। 2012 के चुनाव के समय हैदराबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम बदल कर गोला विधानसभा क्षेत्र कर दिया गया। तब पार्टी में भितरघात से जूझ रहे अरविंद गिरि बसपा में चले गए तब सपा से विनय तिवारी ने चुनाव लड़ा और अखिलेश लहर में चुनाव जीत गए। इस सीट पर 1993 के चुनाव के बाद हुए चुनावों में भाजपा निरंतर हारती चली गई। 24 वर्ष बाद भाजपा प्रतयाशी अरविंद गिरि ने जीत अपने नाम दर्ज कर भाजपा की वापसी कराई है, इससे पार्टी कार्यकर्ता गदगद हैं।