कोतवाली सदर क्षेत्र में खाना बनाते समय गैस लीक होने के कारण सिलेंडर में आग लग गई। इससे सिलेंडर फटने से मकान की छत उड़ गई और मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से खाना बना रहा युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली सदर के मोहल्ला सिकिटिहा निवासी सुधीर सिंह के 35 वर्षीय पुत्र शमलेंद्र सिंह बुधवार को शाम लगभग 6.30 बजे घर की छत पर बने कमरे में खाना बना रहे थे। इसी दौरान गैस लीक होने लगी और आग सिलेंडर तक पहुंच गई। गैस लीक होकर कमरे भर गई, इसलिए अचानक पूरे कमरे में आग फैल गई। किसी तरह शमलेंद्र ने बचकर निकलने का प्रयास किया लेकिन वे आग की चपेट में आकर झुलस गया। इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलेंडर फटकर कमरे की छत से टकराया। इससे कमरे की छत भी ढह गई और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत यह रही कि घटना के समय परिवार के अन्य लोग ऊपर के कमरे में नहीं थे। भयंकर आग देख मोहल्ले के लोग पहुंच गए उन्होंने फायर सर्विस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस के लोग मौके पर पहुंच गए। घायल शमलेंद्र सिंह को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायर सर्विस को आग बुझाने में काफी देर मेहनत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलने पर एसपी अरविंद सेन, सीओ सिटी एमपी सिंह, कोतवाल शिवशंभू जायसवाल सहित तमाम अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।