कीचड़ में तख्त डालकर विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण व मौके पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी मितौली। संव
मैगलगंज। विकासखंड मितौली के चौगानपुर गांव में जलभराव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। प्रशासन की कथित उदासीनता के खिलाफ ग्रामीण पहले कीचड़युक्त पानी में खड़े होकर विरोध जताते रहे। बाद में उसी गंदे पानी में तख्त डालकर धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों ने प्रधान और सचिव पर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के नाम पर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद जलनिकासी की समस्या दूर नहीं हुई। रास्तों पर लंबे समय से पानी और कीचड़ होने से आवागमन मुश्किल है।
ग्रामीण वीरू सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, भारत सिंह व विनीत मिश्रा ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। मंगलवार सुबह धरना शुरू किया गया। काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा तो आक्रोश बढ़ गया।
प्रदर्शनकारियों ने मौके पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने तक की चेतावनी दी, तब बीडीओ विकास सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर समस्याएं सुनीं। दो दिन के भीतर जलभराव की समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में स्थायी समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे। खंड विकास अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि विरोध प्रदर्शन की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कहीं-कहीं नाली उखड़ी है। उसे ठीक कराकर जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।