राजापुर मंडी में निजी आढ़तों पर लगा गेहूं। संवाद
लखीमपुर खीरी। एमएसपी से अधिक मूल्य पर खरीद होने के चलते किसान आढ़तों की ओर अपना रुख किए है। वहीं अधिकारियों ने प्रशासन के आदेशों का पालन कराते हुए मंडी के गेट पास पर रोक लगा दी। सोमवार को जब दोपहर तक गेहूं की तौल नहीं हुई तो किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने राजापुर मार्ग जाम करने की कोशिश की। हालांकि कुछ देर चली वार्ता के बाद किसानों ने आढ़तों पर तौल कराई।
इस बार 2425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद की जा रही है, लेकिन आढ़तों पर एमएसपी से करीब 30 से 40 रुपये ज्यादा की दर से खरीद की जा रही है।
अधिक मूल्य मिलने की वजह से किसान आढ़तों की ओर रुख किए हैं। इधर, सरकारी केंद्रों पर खरीद बढ़े, इसके लिए किसानों पर दबाव बनाया जा रहा है। किसानों को गेट पास न देने के निर्देश के बाद मंडी में आढ़तियों ने मंगलवार को तौल बंद कर दी।
इस बात की जानकारी होने पर किसानों ने पहले राजापुर मार्ग को जाम करने की कोशिश की। इस पर पुलिस पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इसके बाद आक्रोशित किसान मंडी सचिव कार्यालय पहुंचे। यहां आढ़तों पर खरीद न होने को लेकर आक्रोश जताया।
किसानों के कहने पर मंडी सचिव ने डिप्टी आरएमओ नमन पांडेय से वार्ता। कुछ देर चली वार्ता के बाद आखिरकार फैसला आढ़तियों के पक्ष में आया और दोपहर करीब तीन बजे के बाद तौल दोबारा शुरू कराई गई।