लखीमपुर खीरी। लॉकडाउन को पूरी तरह समाप्त किए जाने की घोषणा के बाद सहायक श्रमायुक्त डॉ. महेश कुमार पांडेय ने रविवार को साप्ताहिक बंदी रखने का आदेश जारी किया हैं, जिसके बाद से व्यापारियों में हलचल तेज हो गई है। व्यापार संगठनों ने पुरानी साप्ताहिक बंदी सोमवार को बहाल करने की मांग तेज कर दी है, जिसके लिए प्रगतिशील उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल शुक्ला ने डीएम को ज्ञापन देकर साप्ताहिक बंदी रविवार के बजाय सोमवार को करने की मांग की।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने चार मई 2020 को आदेश जारी कर साप्ताहिक बंदी सोमवार को परिवर्तित करते हुए रविवार कर दिया था। इसके बाद से अनलॉक में भी प्रदेश सरकार ने शनिवार और रविवार को लॉकडाउन घोषित किया था, जिससे लगातार क्रम चला आ रहा था। इसके बाद सरकार ने लॉकडान दो दिन के बजाय सिर्फ रविवार घोषित किया था, जिसके बाद हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार का लॉकडाउन भी समाप्त कर दिया, जिसके बाद पहला रविवार आने वाला है। ऐसे में साप्ताहिक बंदी को फिर से बहाल करने के लिए सहायक श्रमायुक्त ने रविवार को ही साप्ताहिक बंदी रखने का आदेश दिया है। इसकी जानकारी लगते ही व्यापारियों में हलचल तेज हो गई। व्यापारियों का कहना है कि रविवार की साप्ताहिक बंदी से उन्हें काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को साप्ताहिक बंदी होने से व्यापारी अपने बैंक, सरकारी कार्यालयों और सेल्स टैक्स संबंधी कार्य भली-भांति निपटा लेते थे। कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन के बाद से साप्ताहिक बंदी रविवार चली आ रही है, ऐसे में फिर सोमवार को ही साप्ताहिक बंदी रखी जाए।