राजगढ़ नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में मरीज से जानकारी लेते डॉ. राहुल सिंह। संवाद
लखीमपुर खीरी। कभी गर्मी तो कभी ठंड के बीच मौसम का उतार-चढ़ाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। रविवार को प्राथमिक और नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीजों को दवाएं दीं और बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी।
राजगढ़ नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 30 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सक डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित थे। निर्मल नगर स्वास्थ्य केंद्र पर 55 मरीजों का उपचार किया गया। गौटेय्याबाग और नौरंगाबाद स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचे।
डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों को सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनने चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ठंडे पानी और पेय पदार्थों से बचें तथा पौष्टिक आहार लें। लगातार बुखार आने पर चिकित्सक की सलाह से जांच कराकर उपचार कराएं। बिना चिकित्सकीय परामर्श के मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदकर सेवन न करें।
-
बरवर पीएचसी पर 35 मरीजों का उपचार
बरवर। पीएचसी में आयोजित जन आरोग्य मेले में डॉ. फैजान ने दोपहर दो बजे तक सर्दी, जुकाम, बुखार और त्वचा संबंधी समस्याओं के 35 मरीजों को देखा। एलए पंकज ने शुगर के दो, बलगम के पांच, एएनसी की एक और मलेरिया की दो जांचें कीं। मलेरिया की दोनों जांचों की रिपोर्ट निगेटिव आई। इस मौके पर एसटीएस राजेंद्र सिंह, स्टाफ नर्स प्रज्ञा वर्मा और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कन्हैया मौजूद रहे। संवाद