मझगईं (लखीमपुर खीरी)। इलाके में पड़ रही भीषण ठंड से दो किसानों और एक युवक की मौत हो गई। जिससे परिजन में कोहराम मच गया। तीनों ही अलग-अलग गांवों के निवासी थे।
भगवंतनगर गुलरा गांव निवासी किसान छविनाथ यादव (70) घर में चारपाई पर बैठ कर चाय पी रहे थे कि अचानक वह गिर गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान के पुत्र राजू ने बताया कि ठंड के चलते हार्ट अटैक पड़ने से पिता की मौत हुई है।
चौखड़ा फार्म निवासी किसान रूड सिंह (65) की आज सुबह मौत हो गई। पुत्र बलजीत सिंह ने बताया कि ठंड लगने से उनके पिता की जान गई।
इसी प्रकार बेला कलां निवासी रेवती का 35 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार दो दिन पहले गांव आया था। शनिवार सुबह देर तक न उठने पर परिवार वाले उसे इलाज के लिए ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों और ग्रामीणों का कहना है कि राजेश की मौत ठंड लगने से हुई है।
पीएचसी प्रभारी डॉ अब्बास अली ने बताया कि कई दिनों से ठंड पड़ रही है ऐसे में हार्ट अटैक पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। बताया कि रक्तचाप और शुगर के मरीज लगातार चेकअप कराते रहें और दवाओं का बराबर सेवन करें। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहने।
--
बिना पोस्टमार्टम कराए किसी की मौत की वजह के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। ठंड चरम पर है, ऐसे में खुद का और परिवार वालों का ख्याल रखें। राजस्व विभाग बचाव के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है। लेखपालों के जरिये गांवों में लोगों को चिह्नित कर उन्हें कंबल बांटे जा रहे हैं, इस अभियान में और तेजी लाई जाएगी।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
-
सड़क किनारे मजदूर का मिला शव, सर्दी से मौत की आशंका
महेवागंज। सहकारी समिति के पास शनिवार सुबह एक शव पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत ठंड लगने से हुई।
कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव दोनवा निवासी जियाउल्ला (45) कस्बे में एक परिचित के घर रहकर मजदूरी कर गुजर बसर कर रहा था। उसकी पत्नी जुबैदा भी उसके साथ रहती थी। शुक्रवार की रात वह कस्बे में दुबग्गा रोड पर रुका था। शनिवार की सुबह सहकारी समिति के पास लोगों ने उसका शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों का कहना है कि सर्दी की वजह से उसकी मौत हुई है जबकि, चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मौत के बारे में उन्हें कोई सूचना नही मिली है। संवाद